बुलंदशहर। बेखौफ चोरों ने पुलिस और प्रशासन के सुरक्षा दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं। शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी इलाके में डीएम और एसएसपी आवास से महज 100 मीटर की दूरी पर चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक एडवोकेट के कार्यालय से 90 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पीड़ित एडवोकेट डीसी वर्मा ने बताया कि 29 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब एक बजे वह डीएम रोड स्थित अपने कार्यालय में ताला लगाकर जीएसटी मामले की सुनवाई के लिए राज्य कर विभाग गए थे। जाने से पहले उन्होंने घर से लाए 90 हजार रुपये अपनी टेबल की दराज में रखकर उसे लॉक कर दिया था।
दोपहर करीब 3 बजे जब वह वापस लौटे तो दराज का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखी नकदी गायब थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के शोरूम की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में दोपहर करीब 2:50 बजे एक संदिग्ध युवक दुकान के अंदर घुसता और कुछ ही देर में तेजी से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है।