गन्ने से लदे ट्रक ने युवक को कुचला, मौत
पहासू मार्ग पर गांव झमका के पास हुआ हादसा, चालक गिरफ्तार
खुर्जा।
पहासू रोड पर गन्ने से लदे ट्रक ने एक युवक को कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। भागने की कोशिश में ट्रक सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गया। लोगों ने चालक को दबोचकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव झमका निवासी जय सिंह उर्फ कंटू (35) पुत्र नानकचंद्र बुधवार देर शाम किसी काम से घर से बाहर निकला था। गांव के पास पहासू रोड पर खुर्जा की तरफ से आ रहे गन्ने से लदे ट्रक ने जयसिंह को कुचल दिया। ट्रक लेकर चालक भागने लगा, लेकिन सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली से उसकी टक्कर हो गई। उधर ट्रक का पीछा करते हुए ग्रामीण भी पहुंच गए और चालक को दबोच लिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और चालक को हिरासत में ले लिया। जय सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जय सिंह के भाई मानसिंह की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक देहात थाना क्षेत्र के गांव अगौरा अमीरपुर निवासी सद्दाम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। वहीं जय सिंह की मौत पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।