बैंकिंग सर्विस चालू करने के नाम पर साइबर ठगों ने युवक के खाते से 81 हजार से अधिक की धनराशि निकाल ली। खाते की जांच के दौरान पीड़ित को ठगी की जानकारी हुई। अब पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला शेखसराय निवासी पुनीत सिंघल ने बताया कि 15 नवंबर 2024 को उनके पास कॉल आई जिसमें बैंकिंग सर्विस चालू करने की बात कही गई। इससे इनकार करने पर आरोपी ने धमकाते हुए कहा कि यदि सर्विस चालू नहीं की गई तो उनके खाते से धनराशि कट जाएगी।
इसके बाद 18 नवंबर 2024 को खाते की जांच की तो पता चला कि उनके खाते से 80 हजार रुपये कट गए थे। इसके अलावा अज्ञात आरोपियों ने उनके खाते से 352-352 रुपये के दो फोन रिचार्ज व 802 रुपये का एक रिचार्ज किया गया था।
इसके लिए आरोपियों ने उनसे ओटीपी व अन्य गोपनीय जानकारी नहीं ली थी। पुनीत ने नगर कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एएसपी ऋजुल ने बताया कि खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही रुपये वापस करने का प्रयास किया जा रहा है।