बुलंदशहर। बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में स्कूल चलो अभियान जारी है। इसमें 80 स्कूल फिसड्डी चल रहे हैं। इन स्कूलों में एक भी नामांकन नहीं हुआ है। अब इन स्कूलों के शिक्षकों व संबंधित बीईओ को बीएसए की ओर से कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसके बाद संबंधित बीईओ व शिक्षकों पर विभागीय कार्रवाई की तलवार लटक गई है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डाॅ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में प्रत्येक वर्ष नामांकन बढ़ाने के लिए स्कूल चलो अभियान चलाया जाता है। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में बेसिक स्कूलों में बच्चों के कक्षा एक से लेकर आठ तक में प्रवेश हो रहे हैं। विभाग को इस सत्र में करीब 50 हजार नए छात्र-छात्राओं के नामांकन का लक्ष्य मिला है। हालांकि अभी तक जिले में करीब 10 हजार बच्चों का ही प्रवेश हो पाया है। विभाग के लिए सबसे बड़ी चुनौती वह 80 से अधिक स्कूल बने हुए हैं, जहां नामांकन शून्य है। शासन स्तर से लगातार हो रही पोर्टल की समीक्षा में इन स्कूलों की प्रगति शून्य आ रही है। वहीं, दूसरी तरफ नामांकन की धीमी रफ्तार के पीछे एक समस्या भी सामने आ रही है।
जिले के शिक्षक इस समय दोहरी जिम्मेदारी के बीच फंसे हुए हैं। एक तरफ विभाग स्कूल चलो अभियान के तहत घर-घर जाकर बच्चों को स्कूल लाने का दबाव बना रहा है। वहीं, बड़ी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना के प्रशिक्षण और कार्य में लगा दी गई है। वहीं, दूसरी ओर शिक्षकों का कहना है कि एक साथ दो महत्वपूर्ण कार्यों में ड्यूटी होने के कारण वे फील्ड में समय नहीं दे पा रहे हैं, जिसका सीधा असर नामांकन के आंकड़ों पर पड़ रहा है।