कनाडा में नौकरी दिलाने के नाम पर 8 लाख ठगे
गुलावठी। मोहल्ला रामनगर निवासी एक युवक से कनाडा में नौकरी लगाने के नाम पर एक व्यक्ति ने 8 लाख रुपये ठग लिए। युवक ने गुलावठी थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहल्ला रामनगर निवासी मो. आदिल सैफी ने तहरीर में कहा है कि उसका सोशल मीडिया पर एक एकाउंट है, जो कि नौकरियां उपलब्ध करता है। इस एकाउंट पर एक व्यक्ति ने कनाडा की एक कंपनी में नौकरी के लिए प्रस्ताव भेजा। मैं नौकरी के लिए उत्साहित था। इसलिए मैंने आर्कीटेक्ट पद के लिए अपने दस्तावेज भेज दिए। उन्होंने मुझे एक नियुक्ति पत्र एवं वीजा की डिटेल भेजी तथा हवाई जहाज का टिकट भेजा। मोहम्मद आदिल सैफी के अनुसार, ऐम्बसी में मुझे एक सलाहकार का पद प्रदान किया गया जो कि कंपनी की तरफ से ऐम्बसी में काम करना बताया गया। आदिल के अनुसार, आरोपी ने कनाडा में नौकरी के नाम पर 8 लाख रुपये ले लिए। परंतु मुझे नौकरी के लिए कनाडा नहीं भेजा। आरोपी से पैसे की मांग की गई, लेकिन पैसे वापस नहीं किए। आरोपी ने सोशल मीडिया पर मेरा एकाउंट भी ब्लॉक कर दिया तथा सोशल मीडिया के एकाउंट से मैसेज भी गायब कर दिए। आदिल के अनुसार, आरोपी व उसका समूह धोखाधड़ी करने वाला गिरोह है। पुलिस ने आदिल की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।