बुलंदशहर। खानपुर क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक युवक को अपना शिकार बनाते हुए नामी सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी कैंपा कोला की एजेंसी दिलाने के नाम पर करीब साढ़े सात लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित की तहरीर पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खानपुर क्षेत्र निवासी पीड़ित इजहार अहमद ने साइबर क्राइम थाने में दी तहरीर में बताया कि वह व्यापार की तलाश में थे। इसी दौरान उन्होंने मोबाइल के माध्यम से कैंपा कोला कंपनी की एजेंसी लेने के लिए एक अज्ञात व्यक्ति से संपर्क किया। फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताया और उन्हें झांसा दिया कि बहुत कम समय में वह एजेंसी के मालिक बन सकते हैं।
ठगों ने इजहार अहमद को अपनी बातों के जाल में उलझाया, जिसके बाद उन्होंने बिना सोचे-समझे करीब 7,49,500 रुपये उन्हें दे दिए।
एजेंसी से जुड़े दस्तावेज नहीं मिले, तो उन्होंने संबंधित व्यक्ति से संपर्क किया। इस पर ठगों ने एजेंसी देने के बदले 3.50 लाख रुपये की और मांग शुरू कर दी। जब इजहार अहमद ने इसका कड़ा विरोध किया और अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उन्हें धमकाया।
आरोपियों ने कहा कि अब तुम जाल में फंस चुके हो, अब न तो तुम्हें एजेंसी मिलेगी और न ही एक भी रुपया वापस होगा। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल साइबर क्राइम सेल का दरवाजा खटखटाया। इजहार अहमद ने पुलिस से संबंधित बैंक खातों को तत्काल सीज कर रकम दिलाने की गुहार लगाई है।