बुलंदशहर। कूड़ा निस्तारण, ओडीएफ, सफाई व्यवस्था समेत अन्य मानकों पर खरा उतरने वाली जिले की 75 ग्राम पंचायतों को आईएसओ 9001 प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ है। प्रमाणपत्र मिलने के बाद पंचायती राज विभाग के अधिकारियों ने इसे जनता की उपलब्धि बताया है।
सफाई व्यवस्था पर सरकार का लगातार जोर है। स्थिति यह है कि गांवों में स्वच्छता अभियान के तहत घर-घर शौचालय बनाने के साथ ही उन्हें खुले में शौच से मुक्त, प्रतिदिन गांवों में सफाई, पानी निकासी के उचित इंतजाम और गांवों में रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए गए हैं। इन मानकों के आधार पर पंचायती राज विभाग की ओर से आईएसओ 9001 प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। अब संस्था की ओर से निरीक्षण के बाद मानकों पर खरा उतरने वाली 75 ग्राम पंचायतों को आइएसओ 9001 प्रमाण पत्र जारी किया है। इससे पहले जिले में केवल खुर्जा के गांव शहजादपुर कनैनी को ही प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ था। अन्य विभागों में अभी तक जिले में केवल जिला कारागार और जिला पंचायत को ही आइएसओ 9001 प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है। जिला पंचायत राज अधिकारी डाॅ. पीतम सिंह ने बताया कि 75 ग्राम पंचायत मानकों पर खरा उतरी हैं। जिसके चलते इन ग्राम पंचायतों को प्रमाण पत्र मिला है। आगे अन्य ग्राम पंचायतों में भी मानक पूरे करने का प्रयास किया जा रहा है।