बुलंदशहर। जिले में 6.37 करोड़ की लागत से 75 ग्राम पंचायतों में नए अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण होगा। इसके लिए सभी पूर्ति निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में भूमि चिह्नित कर उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया है। एक भवन के निर्माण पर लगभग साढ़े आठ लाख रुपये खर्च होंगे। क्षेत्रीय लोगों के साथ ही कोटेदारों को भी इसका लाभ मिलेगा।
पिछले वित्तीय वर्ष 2023-24 में 16 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब शासन स्तर से वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए फिर से जिले में 75 अन्नपूर्णा भवन बनाने का लक्ष्य दिया है। इसे लेकर विभाग ने सभी पूर्ति निरीक्षकों को अपने कार्य क्षेत्र में भूमि का चयन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा है। जिले में इस समय 1352 कोटे की दुकान संचालित हैं। इनसे छह लाख से अधिक कार्डधारक अनाज प्राप्त कर रहे हैं। इनमें से अधिकांश कोटेदार अपने घर अथवा किराए की दुकान से ही राशन अनाज का वितरण कर रहे हैं। इस कारण अधिकांश जगह कार्डधारियों को परेशानी उठाना पड़ती है।
जिला पूर्ति अधिकारी अभय सिंह ने बताया कि प्रस्तावित नए अन्नपूर्णा भवन में स्टोर के लिए दो कक्ष बनाए जाएंगे। एक में सरकारी राशन का भंडारण होगा। जबकि दूसरे में जनरल स्टोर और सीएचसी यानि कम्युनिटी सर्विस सेंटर का संचालन होगा। इससे क्षेत्रीय लोगों को बिजली बिल जमा करने के साथ ही आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र के अलावा अन्य सरकारी योजना का लाभ भी एक ही स्थान पर मिल सकेगा। जनरल स्टोर पर कोटेदार को रोजमर्रा के सामान को बेचने की भी अनुमति होगी। उन्होंने बताया कि नए अन्नपूर्णा भवन के निर्माण के लिए सभी पूर्ति निरीक्षकों को भूमि चयनित करने के लिए निर्देशित किया गया है। जमीन की खोज पूरी होते ही भवन का निर्माण कार्य शुरू होगा।