बुलंदशहर।
निकाय चुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। 17 निकायों में अध्यक्ष पद के लिए 137 और 341 सभासद पद के 1418 प्रत्याशियों में से 7.11 लाख मतदाता अपनी सरकार चुनेंगे। 276 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। बुधवार को विभिन्न पोलिंग बूथों पर पार्टियां पहुंच गईं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है।
मतदान संपन्न कराने के लिए बुधवार को नगर के डीएवी इंटर काॅलेज के मैदान से निकाय चुनाव पूर्ण कराने के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह व एसएसपी श्लोक कुमार ने विभिन्न रवानगी स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और अधिकारियों को आदेश दिए कि निष्पक्ष रूप से मतदान कराने के लिए व्यवस्था करें। डीएम ने बताया कि विभिन्न नगर पालिका व पंचायतों के 134 मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग कराई जाएगी। इन पर सीधे निर्वाचन आयोग की नजर रहेगी। इसके अलावा 16 मतदान केंद्रों पर वीडियो कैमरा स्थापित कर जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ वीडियोग्राफी के लिए भी टीमें लगाई गई हैं। इसके अलावा सुरक्षा के लिए प्रत्येक निकाय में एक-एक अतिरिक्त मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। मतगणना के लिए माइक्रो ऑब्जर्वर की भी तैनाती की जाएगी। निकायों के सभी 842 बूथों पर चार-चार कर्मचारी तैनात रहकर मतदान कराएंगे, जबकि दस फीसदी कर्मचारियों को रिजर्व रखा गया है।
यहां से रवाना की गईं पोलिंग पार्टियां
डीएवी इंटर और डिग्री कालेज से बुलंदशहर, खुर्जा, गुलावठी और औरंगाबाद, अग्रसेन इंटर कालेज सिकंदराबाद से सिकंदराबाद और ककोड़, कुबेर इंटर कालेज डिबाई से डिबाई और नरौरा, एलडीएवी इंटर कालेज अनूपशहर से अनूपशहर और जहांगीराबाद, पब्लिक इंटर कालेज स्याना से स्याना, खानपुर, बुगरासी और बीबीनगर और शंभू नाथ इंटर कालेज से शिकारपुर, पहासू और छतारी निकाय के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं।
मोबाइल पुलिस भी रहेगी सक्रिय
मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए अफसरों ने मोबाइल टीमों को भी तैनात किया है। एसएसपी ने बताया कि मोबाइल पुलिस टीम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेगी। इसके अलावा सभी थानों पर क्यूआरटी की दो पार्टी उपलब्ध कराने के भी आदेश दिए गए हैं। सभी बूथों पर अन्य जनपद के पुलिस बल को तैनात किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि मतदाता निडर होकर मतदान करें। मतदान के लिए सुगम व्यवस्था की गई है। कलक्ट्रेट में कंट्रोल रूम बनाया गया है। किसी भी आपत्ति के लिए 05732-282828 और 05732-281518 नंबर पर फोन कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
हाईवे-मुख्य चौराहों पर हो रही सघन चेकिंग
असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए हाईवे, जिले के मुख्य मार्गों पर सघन चेकिंग की जा रही है। एएसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों की कड़ी चेकिंग की जा रही है। वाहनों में किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ, दो लाख से अधिक धनराशि सहित अन्य अवैध सामग्रियों का लाना ले जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
निकायवार अध्यक्ष और सभासद पद के प्रत्याशी
निकाय अध्यक्ष प्रत्याशी सभासद प्रत्याशी
बुलंदशहर 07 168
गुलावठी 09 106
औरंगाबाद 08 65
खुर्जा 09 113
सिकंदराबाद 11 106
ककोड़ 04 34
अनूपशहर 11 97
जहांगीराबाद 06 144
स्याना 13 116
बुगरासी 06 48
खानपुर 08 42
बीबीनगर 05 27
शिकारपुर 06 80
पहासू 08 58
छतारी 09 38
डिबाई 06 109
नरौरा 11 86
कुल 137 1418
निकाय पुरुष मतदाता महिला मतदाता कुल मतदाता
बुलंदशहर 89583 81037 170620
खुर्जा 56094 50725 106819
गुलावठी 23115 20341 43456
औरंगाबाद 12531 11619 24150
स्याना 21632 19430 41062
बुगरासी 6693 6061 12754
खानपुर 8454 7695 16149
बीबीनगर 4605 4241 8846
शिकारपुर 17095 15437 32532
पहासू 9928 8475 18403
छतारी 4863 4481 9344
डिबाई 18415 16572 34987
नरौरा 11757 10186 21943
सिकंदराबाद 45179 40593 85772
ककोड़ 4373 4140 8513
अनूपशहर 13886 12644 26530
जहांगीराबाद 25586 23548 43134
कुल 373789 337225 711014