ककोड़। गाड़ी बेचने के नाम पर युवक से 70 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गाांव अख्तियारपुर निवासी कल्याण सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए एक युवक से जान पहचान हुई। युवक ने उससे कार बेचने के लिए कहा। कार को दिखाने के लिए दिल्ली स्थित एक डीलर के यहां बुलाया। जहां अन्य व्यक्ति ने उसे कार दिखाई। कार के पसंद आने पर उसने यूपीआई के माध्यम से 70 हजार रुपये का भुगतान कर दिया। जिसके बाद उसने कार देने से मना कर दिया। डीलर से शिकायत करने पर जल्द डिलीवर देने का आश्वासन दिया गया। मगर अभी तक उसे कार की डिलीवरी नहीं दी गई। जानकारी करने पर पता चला कि उक्त युवक कार बेचने के नाम पर लोगों से ठगी करते हैं। निरीक्षक दिनेश मलिक ने बताया कि शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद