खुर्जा जंक्शन स्टेशन पर चेकिंग करते रेलवे अफसर। स्त्रोत - रेलवे
बुलंदशहर/खुर्जा जंक्शन। प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे के अफसरों ने बुधवार को खुर्जा जंक्शन स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 67 बिना टिकट यात्री समेत 91 यात्रियों को टीम ने पकड़ 22,315 रुपये का जुर्माना वसूला। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हिमांशु शुक्ला मंडल के निर्देश पर खुर्जा जंक्शन स्टेशन पर वाणिज्य निरीक्षक, हनुमान मीना की देखरेख में चेकिंग अभियान चलाया। टिकट निरीक्षकों ने रेलवे सुरक्षा बल व राजकीय रेलवे पुलिस के साथ मिलकर मेमू और ईएमयू यात्री गाड़ियों की जांच की। इस दौरान 91 यात्रियों को पकड़ा गया। इसमें 67 बिना टिकट यात्रा करने पर 19,100 रुपये, स्टेशन परिसर और गाड़ियों में गंदगी व धूम्रपान करने पर 20 यात्रियों से 2000 रुपये, अनियमित यात्रा करने वाले तीन यात्रियों से 990 और बिना बुक सामान सहित एक यात्री से 225 रुपये का जुर्माना वसूला। संवाद