खत्रीवाड़ा वार्ड-2 में सड़कों पर बह रहा नाले का पानी
- मोहल्लेवासियों में रोष, जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
सिकंदराबाद।
बिना बरसात ही नगर का खत्रीवाड़ा वार्ड-दो जलगग्न है। मोहल्लावासियों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। जलभराव के चलते लोगों में पालिका के खिलाफ रोष है। मोहल्ले के लोगों ने जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
खत्रीवाड़ा वार्ड दो सभासद कपिल गौतम, मोहल्लावासी अनिल मास्टर, नरेश कुमार, योगेश गौतम, जवाहरलाल आदि ने बताया कि वार्ड के नाले की सफाई नहीं होने के कारण नाले का पानी सड़क पर बह रहा है। वार्ड में जल भराव की समस्या आम हो गई है। लोगों को बाहर आने जाने के लिए गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। वहीं जलभराव के कारण गंदगी भी पैर पसार रही है। गंदगी से बीमारी फैलने की आशंका है। बरसात से पहले जलभराव का यह हाल देखकर मोहल्लावासी बरसात के बारे में सोचकर भी डर जाते हैं। आरोप है कि कई बार नगर पालिका अधिकारियों से शिकायत के बाद भी नाले की सफाई नहीं कराई गई। पालिका की उदासीनता के चलते वार्ड के लोगों में गुस्सा है। सफाई निरीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि नाले की सफाई कराई जा चुकी है। नाला निर्माण में तकनीकी गड़बड़ी होने के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही है।