शौचालय निर्माण में अनियमितता की जांच में ग्राम प्रधान बहाल
जहांगीरपुर। शौचालय निर्माण में अनियमितता की चल रही जांच मेें ग्राम प्रधान चिंगरावली को बहाल कर दिया गया। जांच कमेटी को भंग कर डीएम ने पारदर्शिता से काम करने की चेतावनी देते हुए सभी वित्तीय अधिकार ग्राम प्रधान को सौंप दिए।
स्वच्छ शौचालय/नमामि गंगे योजना के तहत 15 ग्राम पंचायतों में निर्मित कराए जा रहे शौचालयों के निर्माण में शिकायतें आई थीं। डीएम डॉ रोशन जैकब की ओर से ग्राम पंचायत चिंगरावली विकास खंड खुर्जा की जांच सहायक निदेशक मत्स्य बुलंदशहर से कराई गई। जांच में 209 शौचालयों में से 208 शौचालय पात्र और 1 अपात्र पाया गया। जबकि उनमें से 174 पूर्ण, 10 शौचालय निर्माणाधीन और 25 की शुरुआत न होना पाया गया। प्रथम दृष्टया ग्राम प्रधान बने सिंह और सचिव को निर्माण कार्य में अनियमितता का दोषी पाया गया। नोटिस के बाद स्पष्टीकरण का जवाब भी संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद डीएम ने तीन सदस्यीय टीम गठित कर प्रधान और सचिव के खिलाफ जांच बैठा दी। जांच में कोई भी वित्तीय अनियमितता नहीं मिली। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम डॉ रोशन जैकब ने ग्राम प्रधान के सभी वित्तीय अधिकार सौंपते हुए बहाल करने के निर्देश दिए।