बुलंदशहर। जिले के 606 स्कूल संचालकों ने परिवहन विभाग की वेबसाइट पर अभी तक शपथ पत्र अपलोड नहीं किए हैं। समय बीतने के बाद शपथ पत्र अपलोड न करने पर एआरटीओ ने डीआईओएस व बीएसए को पत्र लिखा है। जिससे संबंधित स्कूल में पता चल सके कि उनके यहां स्कूली वाहन संचालित हो रहे है या नहीं। वहीं, पिछले माह जांच के दौरान 802 बस मानक के अनुरूप मिलने पर नोटिस जारी किया गया। जिनकी अब दोबारा जांच की जाएगी।
एआरटीओ प्रवर्तन नीतू शर्मा ने बताया कि जिले के सरकारी व निजी स्कूलों में छोटे-बड़े पंजीकृत स्कूली वाहनों का प्रत्येक वर्ष फिटनेस कराना अनिवार्य होता है। अभी तक फिटनेस से संबंधित सभी दस्तावेज विभाग में जमा करने के बाद सत्यापन कर फिट-अनफिट का निर्धारण किया जाता था। अब सभी स्कूली वाहनों का ब्योरा ऑनलाइन दर्ज होने के बाद शासन स्तर से निगरानी शुरु हो गई है।
इसके लिए सभी स्कूल संचालकों को 15 अप्रैल तक ऑनलाइन ब्योरा इंटीग्रेटेड स्कूल वाहन मॉनीटरिंग (आईएसवीएम) पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए लेकिन अप्रैल माह में 4096 स्कूलों में से 3490 ने ही अपने वाहनों के शपथ पत्र अपलोड किए। साथ ही अभियान के दौरान 1352 बसों का निरीक्षण किया गया। इसमें 802 बस मानक के अनुरूप संचालित मिलने पर नोटिस जारी किया गया है। साथ ही 802 स्कूल बस संचालकों को दोबारा जांच कराने के निर्देश दिए है। जिससे बच्चों को सुरक्षित सफर कराया जा सके। बताया कि ऑनलाइन मॉनीटरिंग से वाहनों के संचालन में पारदर्शिता आएगी। साथ ही जल्द विभागीय टीम वाहनों की जांच कर कार्रवाई करेगी। इस दौरान बिना फिटनेस, परमिट, बीमा व मोटर वाहन अधिनियम के विरुद्ध चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई होगी।