आयोग की ओर से विधानसभा चुनाव की घोषणा भले ही हो चुकी है। लेकिन तहसील कर्मियों की लापरवाही के चलते जिले में 60 हजार मतदाता अब भी वोटर कार्ड की बाट जोह रहे हैं। हालांकि, आयोग की ओर से आधार कार्ड, डीएल, पैनकार्ड आदि दिखाकर वोट डालने की अनुमति है।
मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम-2017 के तहत 15 सितंबर से 15 नवंबर तक विधानसभा की मतदाता सूची में 96,413 नए मतदाताओ के नाम शामिल किए गए थे। इनमें से 35,903 वोटर्स को पहचान पत्र आयोग से करीब एक माह पहले भेज दिए गए हैं। लेकिन तहसील कर्मियों की सुस्ती के चलते अब भी 60, 510 वोटर कार्ड मतदाताओं तक नहीं पहुंच पाए हैं।
निर्वाचन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक विकास शर्मा ने बताया कि सभी तहसीलों में वोटर कार्ड भेज दिए गए हैं। जल्द मतदाताओं को वोटर कार्ड वितरित किए जाएंगे। साथ ही मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम मे जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका, उनका नाम 12 से 16 जनवरी के बीच दर्ज किया जाएगा। ऐसे मतदाताओं के वोटर कार्ड भी बनाए जाएंगे।
ग्रामीण जानेंगे, ईवीएम से कैसे डालेंगे वोट
देहात क्षेत्र के नए और पुराने मतदाताओं को ईवीएम (इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन) से मतदान करना सिखाया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक विधानसभा में प्रशासन की ओर से कैंप लगाए जाएंगे। उन गांवों की सूची तैयार की जा रही है, जहां के लोगों को प्रशिक्षण दिया जाना है। यहीं नहीं लोगों को मतदान करने के प्रति जागरूक करने के लिए स्कूल और कॉलेजों की मदद ली जा रही है।
मत बनवाने में हो दिक्कत तो करें कॉल
बुलंदशहर 05732-223103
सिकंदराबाद 05732-223104
खुर्जा 05732-223105
शिकारपुर 05732-223107
डिबाई 05732-223108
स्याना 05732-223114
अनूपशहर 05732-223115