बुलंदशहर। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत सरकार की ओर से लाभार्थियों को गैस सिलिंडर भरवाने के लिए राशि दी जाएगी। लेकिन 57 हजार लाभार्थी ऐसे हैं, जिनके बैंक खाते अभी तक आधार कार्ड से लिंक नहीं है। ऐसे में यह लाभार्थी मिलने वाली राशि से वंचित रह सकते हैं। अधिकारियों ने लोगों के खाते से आधार कार्ड लिंक कराने की अपील की है, इससे सभी पात्रों को लाभ मिल सके।
जिले में 55 एजेंसियों के माध्यम से उज्ज्वला योजना के तहत 3,37,331 लाभार्थियों को निशुल्क गैस सिलिंडर और चूल्हे उपलब्ध कराए गए हैं। इस योजना की शुरूआत हुई थी। उस समय सभी लाभार्थियों के खातों में सब्सिडी की राशि भेजी जाती थी। इससे लाभार्थियों को काफी राहत मिलती थी, लेकिन कुछ समय बाद ही दी जाने वाली सब्सिडी पर रोक लगा दी थी। इसके चलते अधिकतर लाभार्थी महंगा सिलिंडर नहीं खरीद पा रहे हैं। योजना के लाभार्थियों को पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान सरकार ने होली व दीवाली पर निशुल्क रसोई गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया था। इसके बाद अब नवंबर माह में दीवाली पर लाभार्थियों को गैस सिलिंडर भरवाने के लिए उनके बैंक खातों में राशि भेजने की बात कही है। इसका लाभ उठाने के लिए प्रत्येक लाभार्थी के खाते से उनका आधार लिंक होना जरूरी है। इसके बिना राशि नहीं मिल सकेगी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिले के 57,170 लाभार्थियों के खाते अभी तक आधार कार्ड से जुड़े नहीं हैं। इस कारण इन लाभार्थियों के खातों में आधार कैश ट्रांसफर कंपलाइंट के माध्यम से सब्सिडी की धनराशि नहीं पहुंच सकेगी। शासन के निर्देश के बाद अब जिला पूर्ति विभाग व प्रशासन की ओर से लाभार्थियों के आधार कार्ड को बैंक खातों से जुड़वाने का काम तेज कर दिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के जिन लाभार्थियों का आधार नंबर बैंक खाते से जुड़ा नहीं है। वह मिलने वाली राशि से वंचित रह सकते हैं। उन्होंने लाभार्थियों से बैंक खाते को अपने आधार नंबर से जल्द से जल्द लिंक कराने की अपील की है।