अहमदगढ़ पीएचसी पर मरीज को परामर्श देते चिकित्सक। संवाद
बुलंदशहर/नरसेना/अहमदगढ़/छतारी/शिकारपुर। जिले में संचालित 71 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन-आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इसमें वायरल बुखार से पीड़ित 541 से अधिक मरीजों ने परामर्श लिया। नरसेना के दौलतपुर कलां पीएचसी पर सीएचओ ने परामर्श दिया।
नरसेना क्षेत्र के गांव दौलतपुर कलां स्थित पीएचसी के सीएचओ भरत सिंह ने बताया कि मेले में बुखार, सर्दी-जुकाम, त्वचा रोग आदि के 67 मरीजों ने परामर्श लिया। साथ ही दवा वितरित की गई। इसमें बुखार के चार मरीज शामिल रहे। अहमदगढ़ पीएचसी पर डॉ. मनोज चौधरी ने करीब 33 मरीजों को परामर्श दिया। बताया कि ज्यादातर मरीज बुखार से पीड़ित थे।
छतारी पीएचसी पर आयुष चिकित्सक डॉ. उज्मा चिश्ती ने मरीजों को परामर्श दिया। डॉ. चिश्ती ने बताया कि पीएचसी पर 214 मरीजों को परामर्श दिया गया। तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण लोग वायरल बुखार की चपेट में आ रहे हैं। शिकारपुर क्षेत्र के गांव जखैता स्थित पीएचसी पर करीब डेढ़ बजे डॉ. ज्योति मरीजों को परामर्श देती नजर आईं। सुभाष ने बताया कि बेटे को बुखार होने पर चिकित्सक से परामर्श लिया है। मेले में 68 मरीजों को परामर्श दिया गया। इसमें बुखार, खांसी, उल्टी, त्वचा रोग आदि रोगों के मरीज शामिल रहे।
सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इसमें चार हजार से अधिक मरीजों को परामर्श दिया गया। अधिकांश मरीज बुखार के रहे। - डॉ. सुनील कुमार दोहरे, सीएमओ