खुर्जा। गांधी रोड पर बृहस्पतिवार शाम को खरीदारी करने आए ग्राहक का बैग काटकर चोरों ने 50 हजार रुपये चोरी कर लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
अरनिया निवासी रामवीर सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह बैंक से नकदी निकालने आए थे। उन्होंने पहले स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में अपने बचत खाते में से दो लाख रुपये नकदी निकाली। इसके बाद गांधी रोड पर पदम सिंह गेट स्थित दुकान से कपड़े खरीदे। वहां से निकलकर उन्होंने देखा कि रुपये उनके बैग में थे। जब वह फत्तोवाली गेट के पास पहुंचे तो अचानक भीड़ सी आई।
उनको बैग हिलने का एहसास हुआ। वह भीड़ से बाहर निकले तो देखा कि बैग कटा हुआ था। बैग में रखी नकदी में से 50 हजार रुपये कम थे। उन्होंने तुरंत 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। सीओ खुर्जा पूर्णिमा सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
त्योहारों में सक्रिय होता है गिरोह
गांधी रोड पर चोरी की घटनाएं अक्सर त्योहारों के आसपास होती हैं। पिछले माह भी रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बाजारों में भीड़ बढ़ने पर महिलाओं के बैग काटकर नकदी व गहने चोरी किए गए थे। इसी तरह अब नवरात्र से पहले भी बाजार में गिरोह सक्रिय हो गया है। ऐसे में ग्राहकों को काफी सतर्क रहना होगा।