बुलंदशहर। खुर्जा तहसील क्षेत्र के गांव दस्तूरा में जमीन बेचने के नाम पर 50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ककोड़ क्षेत्र के गांव बीछट सुजानपुर निवासी बबीता ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेज कर कार्रवाई की मांग की है।
गांव बीछट सुजानपुर निवासी बबीता देवी ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर बताया कि उन्होंने ककोड़ क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से खुर्जा के गांव दस्तूरा में जमीन खरीदने के लिए सौदा तय किया था। उन्होंने संबंधित के खाते में 30 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से जमा कर दिए थे। साथ ही कुछ गवाहों के समक्ष 20 लाख रुपये नगद दिए थे। आरोप लगाया कि दिए गए समय पर जब वह बैनामा कराने के लिए खुर्जा तहसील पहुंचे तो आरोपी पक्ष वहां नहीं पहुंचा।
आरोपियों को फोन किया तो उन्होंने बैनामा करने से इन्कार कर दिया। बार-बार फोन करने के बाद भी आरोपियों ने न तो बैनामा किया और न ही रुपये वापस किए। अब आरोपी पीड़ितों को रुपये वापस मांगने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने मुख्यमंत्री, डीएम व एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों को शिकायत भेज कर कार्रवाई की मांग की है।