खेलते हुए नाले में गिरा दो वर्षीय मासूम, मौत
सिकंदराबाद। दो वर्षीय मासूम रविवार सुबह खेलते हुए नाले में गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। तलाशी के दौरान परिजनों को घटना स्थल से करीब छह सौ मीटर आगे मासूम का शव मिला। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पुलिस का कहना है कि परिजनों ने मामले में किसी भी प्रकार की कार्रवाई से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश निवासी अवध पिछले 15 सालों से परिवार के साथ औद्योगिक क्षेत्र में रहता हैं। फिलहाल वह औद्योगिक क्षेत्र में चार नंबर पर बंद पड़ी एक फैक्ट्री में किराए पर रह रहा है। बताया गया कि जिस बंद पड़ी फैक्ट्री में वह परिवार के साथ किराए पर रह रहा है उसके सामने से नाला गुजरता है। रविवार सुबह करीब 10.45 बजे उसका दो वर्षीय पुत्र मोहित खेलते हुए फैक्ट्री के बाहर से गुजर रहे नाले में गिर गया। मोहित को नहीं पाकर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश करने के दौरान फैक्ट्री से करीब 600 मीटर आगे नाले में मोहित का शव मिला। शव के मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। एसआई रामसमझ राना ने बताया कि परिजनों ने मामले में कोई भी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया।