ट्रक ने बाइक सवार 12वीं के छात्र को रौंदा, मौत
खुर्जा जंक्शन। जेवर रोड पर बृहस्पतिवार रात 12वीं की परीक्षा देकर लौट रहे बाइक सवार छात्र को ट्रक ने कुचल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्र को गंभीर हालत में नगर स्थित अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकाें ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा के थाना दनकौर स्थित गांव सरकपुर निवासी जितेंद्र (18) पुत्र प्रकाश सिंह 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने अलीगढ़ के छर्रा स्थित परीक्षा केंद्र पर गया था। परीक्षा देने के बाद रात करीब पौने आठ बजे वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। तभी खुर्जा-जेवर रोड पर गांव क्वारसी के पास सामने से आ रहे एक ट्रक ने उसे कुचल दिया। घटना को देख आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े और पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ट्रक कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।