मिठाई के डिब्बे ने पिता से बिछड़े मासूम को मिलाया
- डिब्बे पर लिखा नंबर देखकर जीआरपी ने किया सूचित
- ट्रेन से पिता के साथ जा रही थी पांच साल की मासूम
अमर उजाला ब्यूरो
खुर्जा जंक्शन। ईएमयू में सफर के दौरान जंक्शन स्टेशन पर बिछड़ी मासूम को मिठाई के डिब्बे ने उसके परिवार से मिला दिया। दरअसल, जीआरपी को मिठाई के डिब्बे पर लिखे फोन नंबर से मासूम के घर का पता चला। फिर गांव से परिजनों ने अपने नजदीकी रिश्तेदार को स्टेशन पर भेजा। बच्ची को परिजनों को सौंपने के बाद जीआरपी ने राहत की सांस ली।
टूंडला क्षेत्र के गांव मेड़ू निवासी कमल किशोर अपनी पांच वर्षीय बेटी पूनम के साथ बृहस्पतिवार को ईएमयू ट्रेन से जंक्शन क्षेत्र के गांव जाहिदपुर आ रहा था। पिता के अनुसार जंक्शन स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर उसकी पांच वर्षीय बेटी तो उतर गई, लेकिन भीड़भाड़ के चलते वह ट्रेन से नहीं उतर पाया। इस दौरान ट्रेन स्टेशन से रवाना हो गई। पिता से बिछड़कर मासूम पूनम रोने लगी। उसे रोते देखकर यात्रियों ने जीआरपी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे जीआरपी प्रभारी सतीश शर्मा ने मासूम के हाथ में लिए मिठाई के डिब्बे से विक्रेता का मोबाइल नंबर और पता देखकर उसको सूचना दी। हलवाई ने गांव में परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने तत्काल जाहिदपुर स्थित रिश्तेदारी में सूचना दी। इसके बाद रिश्तेदारों ने जंक्शन पर पहुंचकर मासूम को अपनी सुपुदर्गी में ले लिया। जाहिदपुर के रिश्तेदारों ने कमल किशोर को मासूम के मिलने की सूचना दी। इसके बाद परिजनों और पुलिस ने चैन की सांस ली।