बुलंदशहर। बिजली चोरी और लाइन लॉस रोकने के लिए जिलेभर के प्रभावित इलाकों में ऊर्जा निगम समय-समय पर अभियान चला रहा है। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ऊर्जा निगम की तीन टीमों ने नगर के सब्जी मंडी उपकेंद्र से जुड़े चार मोहल्लों में चेकिंग अभियान चलाया। टीम के मॉर्निंग रेड अभियान को 25 घरों में करीब 40 किलोवाट तक की बिजली चोरी पकड़ी। इन सभी के खिलाफ एंटी पावर थेफ्ट थाना में एफआईआर दर्ज कराई है।
ऊर्जा निगम के मुख्य अभियंता संजीव कुमार के नेतृत्व में शनिवार को बुलंदशहर व हापुड़ की तीन टीमों में शामिल 60 अधिकारी व कर्मियों ने बिजली चोरी रोकने को जांच की। टीम में विद्युत वितरण मंडल-प्रथम के अधीक्षण अभियंता हर्षित श्रीवास्तव, विद्युत नगरीय वितरण खंड (वाणिज्य) के अधिशासी अभियंता सुशील कुमार पांडेय, विद्युत वितरण खंड-षष्ठम के अधिशासी अभियंता सुप्रीत सिंह, विद्युत परीक्षण खंड-प्रथम के अधिशासी अभियंता सोमेश वर्मा समेत अन्य सहायक अभियंता/अवर अभियंता आदि शामिल रहे।
विद्युत नगरीय वितरण खंड (वाणिज्य) के अधिशासी अभियंता सुशील कुमार पांडेय ने बताया कि विजिलेंस टीम व स्थानीय पुलिस के सहयोग से तीन टीमों ने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र नंबर एक-सब्जी मंडी से जुडे क्षेत्रों में चेकिंग की। टीम ने नगर के मोहल्ला कसाईवाड़ा, मिर्चीटोला, पडोकियान, नरसलघाट आदि में (मॉर्निंग रेड) छापामार अभियान चलाया।
टीम ने अभियान के दौरान राहत पत्नी शब्बीर, रफीक पुत्र अज्ञात, फैजान पुत्र यामीन, जमील पुत्र रहीम, आदिल पुत्र जमील, शायरा पत्नी शहाबुद्दीन, अफसाना, असलम पुत्र नजरों, कनिज पत्नी रईस, आबिद पुत्र हमीद, युसूफ पुत्र भूरे खां, नसीब पुत्र मौहम्मद अली, छोटे खान, किश्वर पत्नी भूरे, रशीद कुरैशी समेत 25 परिसरों में करीब 40 किलोवाट बिजली चोरी पकड़ी। यहां सीधे केबिल डालकर मीटर से पहले कट समेत विभिन्न तरीके से बिजली चोरी की जा रही थी। बिजली चोरी मिलने पर संबंधित के खिलाफ एंटी पॉवर थेफ्ट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।