संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। पावर कॉरपोरेशन में शिकायत दर्ज कराने के लिए गूगल से नंबर लेना बीडीए कर्मचारी को महंगा पड़ गया। उसी नंबर से पीड़ित के खाते से दो बार में 39 हजार 700 रुपये की रकम निकाल ली गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही साइबर टीम को मामले की जांच सौंप दी गई है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नजीमपुरा भूड़ निवासी सतीश कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बुलंदशहर विकास प्राधिकरण में काम करता है। उसके खाते में लगभग चार माह का वेतन था। 19 जुलाई 2023 की शाम उसने विद्युत विभाग में शिकायत दर्ज कराने के लिए ऑन लाइन गूगल से नंबर लिया था। उक्त मोबाईल नंबर 09062861432/8910533974 है। इसके बाद पीड़ित ने नंबरों पर कॉल भी की थी। लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि इन्हीं के द्वारा उसके खाते से बाद में पैसे काटे गये हैं। ये धनराशि मसूद शेख के खाते में ट्रांसफर हुई है, जिसका यूपीआई नंबर 320053483359 320053483183 है। सतीश कुमार का आरोप है कि उसके खाते से ये रुपये दो बार में 38300 और 1400 रुपये काटे गये हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मसूद शेख के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साइबर सेल टीम को मामले की जांच सौंप दी गई है। जल्द ही शातिर ठगों का पता लगा लिया जाएगा।