औरंगाबाद। जाड़ौल और करैंथा बिजलीघर की हाईटेंशन लाइन में फाल्ट के कारण 38 गांवों के घरों की बिजली गुल हो गई। उमस भरी गर्मी में बिजली न होने से लोग परेशान रहे और पशुओं के लिए चारे और पानी का भी संकट रहा।
बुधवार सुबह तेज हवा के साथ बारिश से जाड़ौल और करैंथा बिजलीघर की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। जिस वजह से 132 केवीए लाइन का तार भी टूट गया। ऐसे में हाईटेंशन लाइन से जुड़े बिजलीघर के गांव परवाना, इलना, जाड़ौल, जड़ोली, तहगौरा, बामनपुर, श्योरामपुर, गुरावली, जीवनपुरा, फतहपुर, सोंझना, बहीरखेड़ा, पीरपुर, माजरा, मथुरा नागल समेत 38 गांव की आपूर्ति ठप हो गई। बिजली आपूर्ति ठप होने से व्यापारियों का काम भी चौपट हो गया।
वहीं, आपूर्ति ठप रहने के कारण किसानों को धान की रोपाई करने के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। किसान चंद्रपाल सिंह, इरफान अली, वीरपाल सिंह, योगेंद्र पाल सिंह, परमोद शर्मा का आरोप है कि पिछले दो सप्ताह से बिजली की अघोषित कटौती की जा रही है, जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। बिजलीघर के जेई सूर्य प्रकाश शाही का कहना है कि हाईटेंशन लाइन की मरम्मत का कार्य चल रहा है। मरम्मत के बाद आपूर्ति सुचारू कराई जाएगी।