बुलंदशहर। जनपद भर में सभी थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कुल 37 फरियादी थानों पर पहुंचे, इनमें से 28 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष के निस्तारण के लिए अधिकारियों ने अधीनस्थों को निर्देश दिए।
थाना समाधान दिवस पर शनिवार को डीएम श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने खुर्जा देहात थाने पर पहुंच कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उनके समक्ष एक फरियादी शिकायत लेकर पहुंचा। जिसका मौके पर ही अधिकारियों ने निस्तारण किया। इसके अलावा एसपी देहात डाॅ. तेजवीर सिंह ने अहमदगढ़ थाने पर पहुंच कर शिकायतों का निस्तारण किया। उनके समक्ष दो शिकायतें राजस्व संबंधित तथा एक पैसे के लेनदेन की पहुंची। जिसमें पैसे के लेन देन के मामले में समझौता कराया गया।
वहीं, इसके अलावा औरंगाबाद थाने पर एक शिकायत पहुंची जिसका निस्तारण किया गया। सिकंदराबाद थाने पर चार में से तीन शिकायतोंं का निस्तारण हुआ। गुलावठी, नरसेना, खुर्जा नगर और डिबाई थाने पर एक-एक शिकायत पहुंची, जिसका निस्तारण किया गया। बीबीनगर थाने पर छह शिकायतें पहुंचीं। इसमें पांच शिकायतों का निस्तारण किया गया।
ककोड़ थाने पर तीन में से दो, स्याना में दो में से एक, शिकारपुर में दो में से एक, पहासू में सभी तीन, अनूपशहर में दो में से एक, जहांगीराबाद में तीन में से दो शिकायतों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा कोतवाली नगर, कोतवाली देहात, अगौता, चोला, खानपुर, अरनिया, जहांगीरपुर, सलेमपुर, नरौरा, रामघाट थाने पर कोई फरियादी नहीं पहुंचा।