फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: मुनाफे का लालच देकर 36.80 लाख रुपये ठगे

विज्ञापन
विज्ञापन
बुलंदशहर। जनपद में ठगी और जालसाजी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। वहीं, अब एक होम्योपैथिक चिकित्सक ने अपने ही मित्र को कारोबार में मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर करीब 36.80 लाख रुपये की चपत लगा दी। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी के आदेश के बाद नगर पुलिस ने आरोपी चिकित्सक और उसके पुत्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

नगर कोतवाली के यमुनापुरम कॉलोनी निवासी पीड़ित अमित कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2014 में उनकी मुलाकात नयागांव चांदपुर निवासी दीपक चंद सिंह से हुई थी। दीपक ने बताया कि वह पेशे से होम्योपैथिक चिकित्सक है। धीरे-धीरे दोनों के बीच घनिष्ठता बढ़ गई और पारिवारिक संबंध स्थापित हो गए। आरोप है कि इसी प्रगाढ़ता का लाभ उठाते हुए दीपक चंद ने अमित को अपने साथ व्यापार करने और उसमें भारी मुनाफे का लालच दिया।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी के दबाव और प्रलोभन के चलते उन्होंने मेरठ स्थित अपना एक कीमती प्लॉट बेच दिया। प्लॉट की बिक्री से प्राप्त धनराशि और अपनी जमापूंजी समेत अमित ने अलग-अलग समय पर करीब 36.80 लाख रुपये आरोपी दीपक चंद के खाते में ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित का आरोप है कि पिछले कुछ समय से आरोपी ने मुनाफा देने से इन्कार कर दिया। बीते दो नवंबर को पीड़ित अपनी पत्नी के साथ आरोपी के चांदपुर स्थित आवास पर पहुंचे। आरोप है कि रुपये मांगने पर आरोपी दीपक और उसके पुत्र प्रणव ने पीड़ित दंपती के साथ अभद्र व्यवहार किया। पीड़ित ने एसएसपी से गुहार लगाई।
विज्ञापन

एसएसपी के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी दीपक चंद और उसके पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि बैंक ट्रांजेक्शन और साक्ष्यों की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें