शिकारपुर में रसगुल्ला के कारखाने में छापा मारती खाद्य विभाग की टीम। स्रोत: विभाग
बुलंदशहर। दिवाली को देखते हुए मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को शिकारपुर क्षेत्र में दो स्थानों पर छापा मारकर लगभग 30 क्विंटल रसगुल्ला और गुलाब जामुन नष्ट कराया गया। इसके अलावा दो डेयरियों से दूध, खोया, मिल्कक्रीम सहित 8 नमूने लेकर जांच के लिए भेजा गया। एक डेयरी पर तमंचा और कारतूस भी बरामद किया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त विनीत कुमार ने बताया कि शिकारपुर तहसील के गांव कमौना में राजेश कुमार शर्मा की डेयरी पर मिलावटी दूध की सूचना मिली थी। मौके पर लगभग 400 लीटर दूध भंडारित मिला, जो मानक के अनुरूप नहीं पाया गया। इस दूध के तीन नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। मौके पर मौजूद पुलिस ने तलाशी के दौरान डेयरी से एक 315 बोर का तमंचा, कारतूस और फरसा बरामद किया। पुलिस आरोपी को लेकर थाने चली गई और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
टीम ने शिकारपुर के मोहल्ला चेनपुरा में स्थित तेवतिया स्वीट्स एंड डेयरी में भी छापा मार। यहां सफेद रसगुल्ला, गुलाब जामुन, मेज स्टार्च मिल्क क्रीम, खोया आदि खाद्य पदार्थ बेचने के लिए रखे मिले। संदेह के आधार पर सफेद रसगुल्ला, गुलाब जामुन, मेज स्टार्च, मिल्क क्रीम और खोया के पांच नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रसगुल्ला और गुलाब जामुन का रख-रखाव सही नहीं था। जंग लगे हुए टीनों में रखा गया था। इस पर लगभग 30 क्विंटल सफेद रसगुल्ला और गुलाब जामुन मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है।
कई वर्षों से चल रहा था कारखाना
शिकारपुर में जिस कारखाने में रसगुल्ला बनाया जा रहा था, वह नया नहीं है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कारखाना कई वर्षों से चल रहा है। रसगुल्ला बनाकर दुकानदारों को 90 रुपये प्रति किलो के हिसाब से सप्लाई किया जा रहा था। दुकानदार इसे ग्राहकों को 120 रुपये प्रति किलो में बेचते थे। एसडीएम अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि उन्हें पहले के बारे में जानकारी नहीं है लेकिन अब जो कार्रवाई हुई है वह सही है।
Iएक डेयरी में जांच के दौरान एक 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। - गौरव विश्नोई, तहसीलदार शिकारपुरI