जिला अस्पताल में भर्ती बुखार के मरीज।
- फोटो : ब्यूरो
तापमान कम होने के बावजूद बुखार का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। बीते चौबीस घंटों में बुखार से छह माह के बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हालांकि सीएमओ ने बुखार से मौत की सूचना से इनकार करते हुए जांच कराने की बात कही है। बहरहाल जिले में बुखार से मरने वालों की संख्या 149 हो गई है।
शिकारपुर के मोहल्ला मंडी निवासी शमशाद का छह माह का पुत्र नौशाद तीन दिन से बुखार से पीड़ित था। परिजनों ने उसे कई चिकित्सकों को दिखाया। इलाज के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। वहीं मोहल्ला थाने वाला निवासी बाबू(65) पुत्र लोकमन को कई दिनों से बुखार आ रहा था।
परजनों ने उसका इलाज कराया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। शनिवार को उसकी मौत हो गई। दूसरी ओर खुर्जा के दीनौल गांव निवासी राजू (50) पांच दिनों से बीमार चल रहा था। परिजन उसका इलाज आसपास के चिकित्सकों से करा रहे थे। शनिवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। जब तक परिजन राजू को लेकर अस्पताल पहुंचे तो उसने दम तोड़ दिया।