15 शुगर मिल कर्मी समेत 28 मिले कोरोना संक्रमित
बुलंदशहर। अरनिया स्थित त्रिवेणी शुगर मिल में सोमवार को भी कोरोना संक्रमित कर्मी पाए गए। शुगर मिल के 15 कर्मी समेत जिले के 28 लोगों की सोमवार को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं, 26 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया। जिले में अब 3564 कुल केस हो गए हैं, जिसमें 3027 डिस्चार्ज हो चुके है और 59 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि, 478 मरीजों का उपचार चल रहा है।
अरनिया क्षेत्र स्थित त्रिवेणी शुगर मिल में रविवार को कोरोना संक्रमित मिलने पर सोमवार को भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा रेैंडम जांच कराई गई। जिसमें अफसरों समेत 15 कर्मी में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। दूसरे दिन भी मिल में कोरोना संक्रमित मिलने पर मिल स्टाफ के साथ किसानों में हड़कंप मच गया। वहीं, नगर टीचर कालोनी में एक और गुलशन विहार निवासी एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। साथ ही सिकंदराबाद नगर निवासी तीन व्यक्तियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं, जहांगीराबाद क्षेत्र में तीन व्यक्ति में कोरोना संक्रमण मिला। इसके अलावा पहासू क्षेत्र में एक, ऊंचागांव क्षेत्र में एक, बीबीनगर क्षेत्र में एक, गुलावठी क्षेत्र में एक और खुर्जा क्षेत्र में एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण मिला। एसीएमओ डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि त्रिवेणी शुगर मिल के 15 कर्मियों समेत 28 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कर दिए हैं। साथ ही 26 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है।