कोरोना से दो लोगों की मौत, 27 मिले पॉजिटिव
बुलंदशहर। कोरोना संक्रमित के मामलों के साथ ही कोरोना की चपेट में आकर दम तोड़ने वालों की संख्या भी जनपद में बढ़ती जा रही है। रविवार को दो संक्रमितों की मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, 27 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। अब जनपद में संक्रमण के कुल 1993 केस हो गए हैं। जिसमें 44 की मौत और 1634 अब तक ठीक हो चुके हैं। शेष 315 संक्रमित का उपचार चल रहा है।
रविवार को जनपद में कोरोना संक्रमण के मामले दो हजार के करीब पहुंच गए। नए संक्रमित में स्याना क्षेत्र से सर्वाधिक आठ लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। बुलंदशहर नगर की प्रीत विहार, मानसरोवर, इंद्रानगर, गंगानगर, गिरधारी नगर और लाल सिंह का अहाते कालोनी में एक-एक संक्रमित मिला। डिबाई क्षेत्र में छह और शिकारपुर क्षेत्र के तीन लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके अलावा बीबीनगर, जहांगीराबाद, अरनियां और खुर्जा क्षेत्र में एक-एक कोरोना पॉजिटिव केस मिला। वहीं, नगर निवासी एक व्यक्ति और खुर्जा निवासी एक व्यक्ति की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि, नौ लोगों को कोविड-19 अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।