बुलंदशहर। जिले के 150 गांवों के लिए अच्छी खबर है। यहां के क्षतिग्रस्त व कच्चे 26 रास्तों का लोक निर्माण विभाग 50.80 करोड़ से निर्माण कराएगा। इससे पांच लाख से ज्यादा लोगों का सफर आसान होगा। शासन से पहली किस्त मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी।
जिले के 150 से अधिक ऐसे गांव हैं, जिनके रास्ते कच्चे हैं या पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इन मार्गों से ग्रामीणों को चलने में अभी तक काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
लोक निर्माण विभाग सहकारी नगर अगरपुर मार्ग से प्राइमरी स्कूल अकराबाद कूडा तक, सराय छबीला से ईस्माइला होते हुए सैदपुरा तक, जहांगीराबाद औरंगाबाद मार्ग से मीना ठाकुरों की मड़ैया होते हुए विधिपुर जसर तक, गांव गिनौरा शेख से गांव अख्तियारपुर तक सड़क निर्माण कराएगा।
इसके अलावा गांव ऐदलपुर धीमरी से गांव रायपुर तालाब, आगौता रजवाहे से नीमचाना गांव की मड़ैया तक, खुर्जा पहासू छतारी मार्ग से करोरा संपर्क मार्ग, गांव नगला से हिसौटी तक, खुर्जा पहासू छतारी मार्ग से बगराई संपर्क समेत कुल 26 मार्गों का निर्माण किया जाएगा। इसमें जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों के गांव शामिल किए गए हैं।
पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राहुल शर्मा ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप सड़कों के निर्माण के लिए सभी जरूरी औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही हैं। जल्द कार्य शुरू करवाया जाएगा।