जिला चिकित्सालय की ओपीडी में ब्लड प्रेशर की जांच करवाती महिला। संवाद
बुलंदशहर। जिला चिकित्सालय में इन दिनों ब्लड प्रेशर के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। प्रतिदिन ओपीडी एवं इमरजेंसी में करीब 200 लोग ब्लड प्रेशर की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं।
गर्मी में धूप एवं मौसम के चलते अधिकांश लोगों का ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है। ऐसे मरीज सरकारी चिकित्सालयों से लेकर निजी अस्पताल पहुंच रहे है।
जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. रवि प्रकाश ने बताया कि गर्मी में तनाव के चलते ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है। इसके कम करने के लिए पानी अधिक मात्रा में पीने के साथ शांत जगह रहना चाहिए। साथ ही ब्लड प्रेशर की दवा का नियमित सेवन करना चाहिए। नियमित आहार एवं संतुलित भोजन से भी इसे नियंत्रण में रखा जा सकता है।