लोनी। साइबर ठगों ने विकास कुंज कॉलोनी में रहने वाले चंदन गुप्ता के मोबाइल फोन पर एपीके फाइल भेज कर खाते से करीब 1.96 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित को मोबाइल फोन पर रुपये ट्रांसफर होने का मैसेज आया तो ठगी की जानकारी हुई। घटना 23 दिसंबर को हुई। पुलिस को दी शिकायत में चंदन ने बताया कि उन्होंने अपने गांव के लिए पार्सल भेजा था और वह पते पर नहीं पहुंचा। उन्होंने ऑनलाइन पोस्ट आफिस से शिकायत की थी। इसके बाद उनके मोबाइल फोन पर एक नंबर से व्हाटसएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने पार्सल का पता गलत बताते हुए उन्हें एपीके फाइल भेजकर उसे ओपन करने के लिए कहा। फाइल खोली तो स्क्रीन ब्लैक हो गई और इसके बाद उनके खाते से दो बार में 98,500 रुपये कट गए। उन्होंने बताया कि ठगो ने अगले दिन भी दो बार में फिर उनके खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए। एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि बृहस्पतिवार को ठगी का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।