कार-ट्राले की आमने-सामने की भिड़ंत, एक की मौत, पांच घायल
- पुलिस ने ट्राले, कार को लिया कब्जे में
अमर उजाला ब्यूरो
सिकंदराबाद।
सिकंदराबाद जेवर स्टेट हाईवे पर कार-ट्राले की आमने सामने की टक्कर में कार सवार एक युवक की मौत हो गई। वही कार सवार पांच अन्य लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार-ट्राले को कब्जे में ले लिया। ट्राले का चालक फरार है।
गांव आरिफपुर सरावनी थाना बाबूगढ जनपद हापुड़ निवासी नवाब पुत्र इब्राहिम ने बताया कि उसके चचेरा भाई जावेद (23) पुत्र मिनू, गांव के आरिफ पुत्र बाबू, जावेद पुत्र मुनसिब, अब्दुल्ला पुत्र रहीसूद्दीन, अनीस पुत्र साबिर, राशिद पुत्र तज्जममूल, कार से फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करता है। बताया कि रविवार को सभी लोग कार से फेरी लगाने के लिए ककोड़ क्षेत्र में जा रहे थे। सुबह करीब 8 बजे सिकंदराबाद-जेवर स्टेट हाईवे पर चामड़ मंदिर के पास सामने से आ रहे ट्राला चालक ने लापरवाही से ट्राला चलाते हुए कार में टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घाययल जावेद पुत्र मिनू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्राला चालक ट्राले के मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। कोतवाल संजय पांचाल ने बताया कि ट्राले, कार को कब्जे में ले लिया गया है। चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।