संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। पीएम श्री में चयनित जिले के स्कूलों को शनिवार में पहली किस्त जारी होगी। इसको लेकर शनिवार को पीएमश्री कार्यक्रम को लाइव दिखाने की व्यवस्था की जाएगी। नए बजट में केंद्र सरकार ने पीएमश्री स्कूल योजना को शुरू किया था। स्कूलों के चयन की प्रक्रिया शासन से पूरी होने के बाद अब खातों में पहली किस्त भेजी जाएगी। स्कूल प्रबंधन समिति के खाते में यह धनराशि जाएगी।
बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के स्कूलों का कायाकल्प करने के लिए केंद्र सरकार ने पीएम श्री स्कूल योजना को शुरू किया। योजना में जिले के 18 परिषदीय स्कूल व एक माध्यमिक शिक्षा विभाग के राजकीय पला कसेर स्कूल का चयन किया गया। योजना शुरू होने से पूर्व शासन स्तर से जिले के स्कूलों की सूची मांगी गई। इसके लिए प्रत्येक ब्लॉक से एक-एक स्कूल का चयन किया गया। स्कूलों की सूची शासन में जाने के बाद अब केंद्र सरकार की ओर से चयनित स्कूलों को पहली किस्त भेजी जा रही है। डीबीटी के माध्यम से विद्यालय प्रबंधन समिति के खाते में यह राशि जाएगी। बीएसए डाॅ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि पीएमश्री का कार्यक्रम जिले के सभी बेसिक स्कूलों में लाइव दिखाया जाएगा। इसके लिए सभी ब्लॉक के बीईओ एवं स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी कर दिए हैं। स्कूलों को कार्यक्रम की रिपोर्ट भी विभाग में भेजनी होगी।