दवा लेना बंद किया तो नहीं मिलेगी प्रोत्साहन राशि
बुलंदशहर। यदि आप क्षय रोगी हैं और आपका उपचार चल रहा है तो नियमित शेडयूल के अनुसार दवा का सेवन करते रहें। दवा लेना बंद कर देने पर आपको शासन से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि भी बंद कर दी जाएगी। जिसके लिए विभाग ने अब रणनीति बना ली है।
क्षय रोग को पूर्णतया समाप्त करने के लिए केंद्र सरकार के साथ स्वास्थ्य विभाग हर संभव प्रयास कर रहा है। इस दौरान विभाग द्वारा मरीजों की खोज के अलावा पंजीकरण के बाद दवा शुरू कर दी जाती है। साथ ही कोर्स जारी रहने तक सभी मरीजों को छह माह तक पांच सौ रुपये प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है। वहीं, एमडीआर के मरीजों की दवा करीब दो वर्ष तक चलती है। इन मरीजों को भी प्रत्येक माह पांच सौ रुपये दिए जाते हैं। जिससे मरीज नियमित दवा का सेवन करता रहे। वहीं, कुछ मरीजों द्वारा बीच में दवा लेना बंद कर दिया जाता है। लेकिन अब अगर कोई भी मरीज दवा को बीच में बंद करेगा। तो उसके खाते में प्रोत्साहन राशि नहीं भेजी जाएगी। सीएमओ डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि अभी तक सभी मरीजों को पंजीकरण कराने के बाद प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। कुछ मरीजों द्वारा नियमित दवा न लेने की शिकायत मिलने पर यह योजना बनाई गई है। अगर मरीज बीच में दवा लेना बंद कर देता है तो संबंधित की प्रोत्साहन राशि भी बंद कर दी जाएगी।