बुलंदशहर/अनूपशहर/जहांगीराबाद/सिकंदराबाद/खुर्जा/ककोड़/अहमदगढ़/डिबाई/शिकारपुर । रक्षा बंधन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग मिलावट के खिलाफ अब अलर्ट मोड पर है। बुधवार को विभाग की टीमों ने जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान खोया, पनीर, मिठाई, मसालों समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के 18 नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं, खाने योग्य नहीं मिलने पर 61 किलो मिठाई मौकें पर ही नष्ट कराई गई। नष्ट कराई गई खाद्य सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 18 हजार रुपये बताई गई है।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ममता चौधरी ने बताया कि रक्षा बंधन को लेकर विभाग की तीन टीमें खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही हैं। बुधवार को अनूपशहर, जहांगीराबाद, सिकंदराबाद, खुर्जा, ककोड़, अहमदगढ़, डिबाई और शिकारपुर में कार्रवाई की गई। जहांगीराबाद की एक निर्माण इकाई में पुरानी और दूषित 35 किलो मिठाई नष्ट कराई गई। वहीं, शिकारपुर के भी एक मिष्ठान भंडार में 12 किलो खराब घेवर और 14 किलो फफूंद लगी बर्फी, लड्डू व रसगुल्ले मिले, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसी के साथ टीमों ने अलग-अलग स्थानों से खोया, घेवर, टोफू, छैना रसगुल्ला, पेड़ा, हल्दी, मिर्च पाउडर, कलाकंद समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। टीम एक ने जहांगीराबाद और ककरई से तीन, टीम दो ने सिकंदराबाद और ककोड़ के शेरपुर से सात तथा टीम तीन ने खुर्जा, डिबाई, अहमदगढ़ और शिकारपुर से आठ नमूने जांच के लिए एकत्रित किए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय ने बताया कि सभी 18 नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई करने वाली टीमों में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज वर्मा, सनजीत कुमार, सुनील कुमार सिंह, मुनेन्द्र सिंह राणा, इन्दल यादव, कमलेश कुमार, हरेन्द्र कुमार, राम मिलन राना, अनिल कुमार कौशल, मनीषा शर्मा और सेनेटरी सुपरवाइजर बिहारी लाल शुक्ला मौजूद रहे।