अनुदान मिलने की आस लगाए बैठे किसान
बुलंदशहर। विभिन्न सरकारी योजनाओं से कृषि यंत्र आदि पर मिलने वाले अनुदान के लिए जनपद के किसान पिछल काफी दिनों से आस लगाए बैठे हैं। उप कृषि निदेशक का कहना है कि इन सभी किसानों अनुदान जल्द मिलेगा।
किसानों की ओर से किसानों के हित में अनेक सरकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं से कृषि यंत्रों के अलावा बीज और वर्मी कंपोस्ट आदि की खरीद करने पर अनुदान दिया जाता है। नियम है कि यह अनुदान की राशि कृषि विभाग की ओर से संबंधित किसान के खाते में ट्रांसफर कर दी जाती है, जबकि जनपद के 1148 किसान ऐसे हैं, जिन्हें लंबा समय बीत जाने के बाद भी अभी अनुदान की राशि नहीं मिल पाई है। इसके लिए वह आस लगाए बैठे हैं। उप कृषि निदेशक आरपी चौधरी ने बताया कि कृषि यंत्र आदि पर मिलने वाले अनुदान से वंचित किसानों के बैंक खातों में जरूरी जानकारी अधूरी होने के कारण उनके खातों में राशि ट्रांसफर नहीं हो सकी है। उन्होंने किसानों के खातों को दुरुस्त कर अनुदान की राशि जल्द देने के आदेश जारी कर दिए हैं।