पाक के खिलाफ गुस्सा बरकरार, शहीदों को किया नमन
बुलंदशहर। पुलवामा में हुए आतंकी हमले के विरोध में शनिवार को भी जनपद में जगह जगह प्रदर्शन और कैंडल मार्च निकाला गया। पाकिस्तान का पुतला फूंककर शहीदों को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है। सभी की एक मांग है कि अब इस कुकृत्य का बदला लिया जाए। चारों और पाकिस्तान और आतंकवाद विरोधी नारों की गूंज रही।
गौरी शंकर कन्या महाविद्यालय के सात दिवसीय एनएसएस शिविर में शामिल स्वयंसेवी छात्राओं और शिक्षिकाओं ने शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान प्राचार्या डॉ. अंशु बंसल समेत कॉलेज का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। छात्र कल्याण समिति के बैनर तले डीएवी तिराहे पर पाकिस्तान का पुतला फूंक कर जमकर नारेबाजी की गई। अखिल भारतीय प्रधान संगठन के जिला कार्यालय पर बैठक कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और पाकिस्तान विरोधी नारे लगाए गए। प्रदेश महामंत्री धर्मेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष विजयपाल प्रधान समेत अन्य शामिल रहे। बसपा कार्यालय पर बैठक कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान मुख्य जोन इंचार्ज मेरठ सतपाल पेपला, मुख्य जोन इंचार्ज मेरठ मंडल डॉ. कमल सिंह राज समेत अन्य रहे। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ के बैनर तले राजेबाबू पार्क में बैठक कर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए कैंडल मार्च निकाला गया। कृष्णा नगर उद्योग व्यापार मंडल की ओर से लाल तालाब से कालाआम शहीद भगत सिंह पार्क तक कैंडल मार्च निकालकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। आईपी कॉलेज प्रथम पसिर में डॉ. अजय कुमार गोयल की अध्यक्षता में दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। टांडा स्टेडियम में बैडमिंटन खिलाड़ी गौरव आर्य, सुशांत शर्मा, अलका आर्य, अनु, हिमानी और शेखर आदि ने मोमबत्ती जलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रीय लोकदल के कैंप कार्यालय पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष विकास शर्मा और महासचिव शैलेंद्र लोधी एडवोकेट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहीदों को याद किया। साथ ही प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। भारतीय किसान यूनियन भानू गुट ने प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर पाक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर जिला अध्यक्ष राजकुमार, रविंद्र सिंह, प्रशांत कुमार, ब्रहम सिंह और नरेश गिरी आदि शामिल रहे। अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण महासभा ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसमें जिला अध्यक्ष चूड़ामणि शर्मा, सावरकर विचार सेवा संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवदत्त शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री राकेश कुमार वर्मा, अनिल कुमार शर्मा, ललित कुमार शर्मा आदि शामिल रहे। जिला युवक कांग्रेस के अध्यक्ष पौरुष शर्मा के नेतृत्व में डीएवी तिराहे पर पाक का पुतला दहन किया और शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए पाक को आतंकवादी देश घोषित करने की मांग की। इसमें जिला अध्यक्ष पंडित सुभाष गांधी, मुस्तफा खान, शहर अध्यक्ष मुनीर अकबर और सच्चिदानंद गौड़ आदि कार्यकर्ता शामिल रहे। एक्स कैडेट्स एसोसिएशन के बैनर तले एनसीसी के कैडेट्स के नेतृत्व में शहीदों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही हस्ताक्षर अभियान चलाकर कश्मीर से धारा 370 और 35ए को हटाने की मांग की। बीएसए कार्यालय से कालाआम स्थित शहीद चौक तक कैंडल मार्च निकाला गया। साथ ही बीएसए और वित्त एवं लेखाधिकारी को ज्ञापन देकर शहीदों के परिजनों को आर्थिक सहायता के रूप में शिक्षकों का एक दिन का वेतन देने की मांग की। रेलवे के कर्मचारी सतेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, तनसीर चौहान और सुधीर तेवतिया आदि ने कुड़बल बनारस से कालाआम तक शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए कैंडल मार्च निकाला।
-----
कस्बों और देहात में भी लगे पाक विरोधी नारे
गुलावठी/शिकारपुर/अनूपशहर/नरौरा/औरंगाबाद/नरसैना/बुगरासी/स्याना/ऊंचागांव। जनपद के कस्बों और देहात क्षेत्र में भी पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे दिन भी गुस्सा बरकरार रहा। इस दौरान पाक विरोधी नारे लगाए गए और शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। गुलावठी में लारेंस एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शहीद हुए जवानों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। डायरेक्टर शोएब मेवाती, प्रधानाचार्या सतपाल कौर एवं टीचर्स शामिल रहे। एससीएएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने आतंकी हमले के विरोध में रैली निकाली तथा शहीद स्मारक पर पहुंचकर पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। विद्यालय के चेयरमैन वीके अग्रवाल, प्रबंधक मयंक अग्रवाल, प्रधानाचार्या मौली नरौना, गोपाल शर्मा, भरत नरौना मौजूद रहे। नगरपालिका परिषद में पालिकाध्यक्ष काले खां कुरैशी एवं सभी नगर पालिका कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल द्वारा शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अध्यक्ष कुलदीप मोदी, कुलदीप सिंह, वेदप्रकाश जिंदल, प्रेमभूषण, राकेश गुप्ता मौजूद रहे। शिकारपुर में नगर पालिका बोर्ड की बैठक सीआरपीएफ के 42 जवानों को शोक संवेदना प्रकट करते हुये स्थगित कर दी गई। जवानों की आत्मा की शान्ति के लिये दो मिनट का मौन रखा गया चेयरमैन फूलवती राणा, डा.विनोद शर्मा, नितिन चौधरी आदि मौजूद रहे। क्षेत्र के गांव भटौला, पहाड़पुर हवेली, महमूदपुर आदि गांवों शहीदों की आत्मा की शान्ति के लिए कैंडल मार्च निकाला गया। अनूपशहर क्षेत्र के गांव तोरई, शिकोई, वामनपुर, गरहरा, सुनाई पैंठ, आदि में शहीदों की आत्मा की शांति के लिए कैंडल मार्च निकाला गया तथा दो मिनट का मौन रखा गया। भाजपा व संघ परिवार के कार्यकर्ताओं ने कैंडल लेकर मौन जलूस निकाला। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने आतंकी अहजहर मसूद का पुतला दहन किया। नगरपालिका परिषद अनूपशहर के सभासदों व कर्मचारियों ने हमले के विरोध में कार्रवाई करने की मांग को लेकर कस्बे में पालिकाध्यक्ष ब्रजेश शर्मा व एसडीएम आनंद श्रीनेत के नेतृत्व में मौन जलूस निकाला। गंगातट स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। नरौरा में कई जगह लोगों ने कैंडल मार्च निकाला और पाक का पुतला जलाते हुए पाक विरोधी नारेबाजी की। मैथना जगतपुर और जिताका में युवाओं ने कैंडल मार्च निकाला।
गांव चरौरा मुस्तफाबाद में हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पाक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्टेट हाइवे पर आतंकवाद का पुतला फूंका। नरसैना मेें बस चौराहे पर युवाओं ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पाक का पुतला दहन किया। बुगरासी में कस्बे वासियों ने दिन में रैली निकालते हुए पाकिस्तान मुर्दाबाद के जमकर नारे लगाए थे। रात्रि में भी कस्बे वासियों ने बस स्टैंड पर एकत्रित होकर मोमबत्ती जला शहीदों की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की। स्याना में मेन बाजार तिराहे पर व्यापारियों ने दो मिनट का मौन रखा। वैभव रस्तौगी, सौरभ राय, मुकेश भारद्वाज, राजेश चौहान आदि मौजूद रहे। राष्ट्रीय लोकदल के किसान प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं द्वारा शोक सभा करके अमर शहीदों को नमन किया गया।