ट्रक की चपेट में आने से कक्षा 11 के छात्र की मौत
- परिजनों ने शव को स्टेट हाईवे पर रखकर लगाया जाम
फोटो समाचार
-सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर खुलवाया जाम
सिकंदराबाद। ट्रक की चपेट में आकर कक्षा 11 के छात्र की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। वहीं आर्थिक सहायता दिए जाने और आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों व ग्रामीणों ने शव को स्टेट हाईवे पर रखकर जाम लगाया। जाम की सूचना पहुंची ककोड़, रबूपुरा पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर करीब एक घंटा बाद जाम खुलवाया। जाम से हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
क्षेत्र के गांव चचूरा निवासी सुनील (17 वर्ष) पुत्र नेपाल सिंह झाझर स्थित चतुर्वेदी इंटर कालेज में कक्षा 11 का छात्र था। बुधवार को वह घरेलू सामान की झाझर से खरीदारी कर वापस घर लौट रहा था। सुबह करीब 9.45 बजे सिकंदराबाद जेवर स्टेट हाईवे पर लार्ड कृष्णा स्कूल के पास पीछे आ रहे ट्रक ने सुनील को टक्कर मार दी। दुर्घटना में सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय सुनील की रास्ते में मौत हो गई। मौत पर गुस्साए परिजनों, ग्रामीणों ने गांव में सुनील के शव को सिकंदराबाद-जेवर स्टेट हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। जाम स्थल थाना रबूपुरा क्षेत्र में, घटना स्थल ककोड़ थाना क्षेत्र में होने के कारण दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जाम लगा रहे परिजनों, ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीणों ने करीब एक घंटे में जाम खोला। एक घंटा जाम के रहने से हाईवे पर वाहनों की दोनों ओर लंबी कतार लग गई। पुलिस ने यातायात की व्यवस्था बनाने के लिए हल्के वाहनों को गांव के रास्ते से निकाला। एसओ आनंदवीर सिंह मलिक ने बताया ट्रक को कब्जे में ले लिया गया। मृतक के पिता नेमपाल की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।