मिलावटी पेट्रोल बिकने की सूचना पर हंगामा
हाईवे स्थित पेट्रोल पंप पर देर रात हुई सैंपलिंग
अमर उजाला ब्यूरो
खुर्जा। हाईवे स्थित हजरत गांव के पास दो पेट्रोल पंपों पर मिलावटी तेल बिक्री होने की सूचना पर शनिवार देर रात लोगों ने हंगामा किया। पेट्रोल पंप पर मिलावटी तेल ब्रिकी होने की सूचना पर देर रात पहुंचे नायब तहसीलदार और आपूर्ति अफसर ने जांच के लिए पेट्रोल के नमूने लिए। एसडीएम ने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान हजरतपुर निवासी सुनील ने बताया कि शनिवार देर रात बाइक में तेल डलवाकर घर पहुंचा तो बाइक बंद हो गई। बाइक से पेट्रोल निकालकर देखा तो उसमें मिट्टी के तेल की बदबू आ रही थी। इसके अलावा पंप पर जमा हुए उदयपाल, देवेंद्र प्रधान, धर्मवीर, सतीश, शक्ति, मलखान, इंदू सिंह, धर्मवीर, राजकुमार, शिशुपाल, अजय समेत कई लोगों ने पेट्रोल पंप संचालक पर मिलावटी तेल ब्रिकी करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर आपूर्ति अधिकारी-नायब तहसीलदार ने पेट्रोल के नमूने जमा किए। एसडीएम ने बताया कि नमूने जांच को लैब भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा हाईवे स्थित बस अड्डे के समीप पेट्रोल पंप पर मिलावटी तेल बिकने की सूचना मिली। नगर निवासी कैलाश गुप्ता ने बताया कि शनिवार को जब बाइक में तेल डलवाया तो कुछ देर बाद ही बाइक चलनी बंद हो गई। पीड़ित ने एसडीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।