बुलंदशहर। औषधि निरीक्षक ने मंगलवार को पांच मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया। इस दौरान मेडिकल स्टोर पर कोल्ड्रिफ कफ सिरप की जगह अन्य सिरप बिक्री होते मिले। औषधि निरीक्षक ने पांच मेडिकल स्टोरों से 16 कफ सिरप के नमूने लिए हैं।
मध्यप्रदेश और राजस्थान में कोल्ड्रिफ कफ सिरप पीने से 11 से अधिक बच्चों की मौत के बाद प्रदेश में भी सरकार ने एडवाइजरी जारी की है। साथ ही कोल्ड्रिफ कफ सिरप की बिक्री पर भी पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
हालांकि जिले में एक भी मेडिकल स्टोर पर इसकी बिक्री नहीं हो रही लेकिन एहतियातन मंगलवार को औषधि निरीक्षक अनिल कुमार आनंद ने नगर के कुशल मेडिकल स्टोर, गुलावठी के न्यू श्याम मेडिकल स्टोर व घनश्याम मेडिकल स्टोर, शिवाली में ज्योति मेडिकल स्टोर एवं शिकारपुर में श्री राधे मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया।
औषधि निरीक्षक ने बताया कि पांच मेडिकल स्टोरों पर निरीक्षण के दौरान कोल्ड्रिफ कफ सिरप नहीं मिला। इसकी जगह अन्य कंपनी के कफ सिरप स्टोर पर मिले। इन दुकानों से कफ सिरप के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दो साल से कम उम्र के बच्चों को कफ सिरप बिल्कुल नहीं देना चाहिए। छोटे बच्चों को होने वाली खांसी अक्सर अपने आप ठीक हो जाती है। बड़े बच्चों को भी बहुत सावधानी और डॉक्टर की सलाह पर ही कफ सिरप देना चाहिए।