अवैध रूप से खरीदा जा रहा दूध पकड़ा, नष्ट कराया
शिकारपुर। मेरठ बदायूं स्टेट हाइवे पर बरौली गांव के पास खाद्य विभाग की टीम ने हाइवे किनारे अहाते में चल रहे अवैध दूध के कारोबार का भंडाफोड़ किया। बिना लाइसेंस के विभिन्न कंपनियों के टैंकरों से चोरी किए गए दूध को खरीदकर अन्य प्लांटों में बेच दिया जाता था। हालांकि आरोपी भाग गए। बाद में टीम ने बरामद दूध को नष्ट करा दिया।
शनिवार सुबह खाद्य विभाग के अभिहित अधिकारी (डीओ) डा. गौरी शंकर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार, राजेश कुमार सिंह और केपी सिंह ने गांव बरौली के पास हाईवे किनारे बने एक अहाते में छापा मारा। टीम के आने की भनक पाकर आरोपी भाग गए। खाद्य विभाग के डीओ डा.गौरीशंकर ने बताया कि मौके से करीब 2 हजार लीटर दूध बरामद किया गया। अहाते में जेनरेटर, दूध भरने के लिये टंकी, पानी के लिए समर और दूध से क्रीम निकालने वाली मशीन भी लगी थी। मौके से कई कंपनियों के टैंकरों की 15 टूटी सील बरामद की गई हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी बिना लाइसेंस के कंपनियों के टैंकरों से दूध चोरी कर उसे विभिन्न प्लांटों पर बेच देते थे। बरामद दूध को नष्ट करा दिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।