4.34 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी ‘विटामिन ए’
बुलंदशहर। बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए बाल स्वास्थ्य पोषण माह के तहत नौ माह से पांच वर्ष तक के 4.34 लाख बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। नियमित टीकाकरण के तहत यह अभियान तीन जुलाई से 31 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान अधिक से अधिक बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाने के लिए स्वास्थ्य अफसरों ने तैयारी शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग वर्ष में दो बार बाल स्वास्थ्य पोषण माह का आयोजन करता है। इस दौरान बच्चों का नियमित टीकाकरण किया जाता है। अफसरों की मानें तो पोषण माह का उद्देश्य बच्चों में रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ाने, रतौंधी से बचाव, उपचार, छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण, आयोडीन नमक का उपयोग बढ़ाने और बच्चों में मानसिक दिव्यांगता को रोकने का है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नरेश गोयल ने बताया कि पोषण माह में बच्चों को विटामिन ए की खुराक नियमित टीकाकरण के दौरान बुधवार और शनिवार को पिलाई जाएगी। अभियान में नौ माह से पांच साल तक के बच्चों को खुराक पिलाने के लिए चिन्हित किया गया है। अभियान के दौरान चार लाख 34 हजार बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। बच्चों को दवा पिलाने के लिए आशा, आंगनबाड़ी और एएनएम कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दी जाएगी। ब्यूरो