कांवड़ यात्रा के दौरान चाक चौबंद रहेगी व्यवस्था : डीएम
बुलंदशहर। कांवड़ यात्रा के संबंध में बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी ने कलक्ट्रेट सभागार में बैठक की। उन्होंने सभी एसडीएम और सीओ को सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने के निर्देश दिए। कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग में शराब, मीट, पान, अंडा आदि की दुकानों को बंद रखा जाएगा। कांवड़ मार्ग में आने वाले गूलर एवं भांग के पौधों को हटाया जाए। संवेदनशील स्थानों पर बैठक करते हुए समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए। मंदिरों के आसपास सफाई एवं सीसीटीवी कैमरे और बैरिकेडिंग करवाई जाए। पूर्व में जहां पर शिविर लगाए गये थे, वहां पर ही लगाए जाएं। शिविर वाले स्थानों पर प्लास्टिक का प्रयोग किसी भी प्रकार से न हो। कांवड़ शुरू होने से पहले आवारा पशुओं को आश्रय स्थलों में भेजा जाए। उन्होंने कांवड़ मार्गों में चिकित्सा कैंप, एंबुलेंस एवं मोबाइल एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कांवड़ मार्ग की सड़कों की मरम्मत समय रहते करने के निर्देश भी जारी किए। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि जिन ढाबों पर शराब बिक्री की सूचना मिले उन्हें तुरंत सील कर दिया जाए। उन्होंने घाटों पर सुरक्षा की दृष्टि से गोताखोर, बोट एवं गहरे पानी पर झंडी लगाते हुए बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही एआरएम रोडवेज को जनपद से हरिद्वार एवं अन्य स्थलों से जल लेने जाने वाले यात्रियों के लिए बसों की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बस चालकों द्वारा तेज गति से बस न चलाने एवं शराब पीकर बस का संचालन न करने के निर्देश भी दिए। शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी कि अपने तैनाती स्थल पर ही प्रवास करें। अगर किसी अधिकारी द्वारा आदेशों का अनुपालन नहीं किया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार, एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव, एसपी देहात मनीष कुमार मिश्र सहित एसडीएम, सीओ आदि मौजूद रहे। ब्यूरो