घूमने और शादी के लिए बुक करें रोडवेज बस
बुलंदशहर। जनपद के लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब वे रोडवेज बसों को घूमने और शादी के लिए बुक करा सकेंगे। उप्र परिवहन निगम ने अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए यह योजना बनाई है। लोग प्रतिदिन के हिसाब से रुपये जमा कर रोडवेज बस को बुक कर सकते हैं।
यदि आपको बस की बुकिंग करनी है और आपको बस नहीं मिल रही है तो निराश होने की जरूरत नहीं है। आप अपने नजदीकी रोडवेज बस अड्डे पर जाकर आसानी से रोडवेज बस की बुकिंग करा सकते हैं। जानकारी के अनुसार अभी तक पिकनिक स्थल, धार्मिक स्थल या शादी-विवाह समेत अन्य कार्यों के लिए लोगों को बस की बुकिंग कराने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता था। साथ ही वाहन न मिलने या महंगी दर पर लोग बसों की बुकिंग आदि कर रहे थे। बुकिंग करने के दौरान लोगों को यह भी नहीं पता चल पाता था कि बुकिंग की गई बस कैसी है। लेकिन अब लोगों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। अब लोग निर्धारित मार्ग पर यात्रा करने के साथ अपने कार्यों के लिए बस की बुकिंग करा सकेंगे। परिवहन ने निगम की आय बढ़ाने के लिए बुकिंग का फैसला लिया है।
शासन ने यह आदेश निगम की आमदनी बढ़ाने और रह नागरिक को रोडवेज बस का सफर आसानी से कराने के लिए जारी किया है। कोई भी व्यक्ति डिपो पर आकर निर्धारित दिन से दो दिन पूर्व आकर बस की बुकिंग करा सकते हैं। - धीरज सिंह पंवार, एआरएम बुलंदशहर डिपो