एसडीएम ने दर्ज किए सभासदों के बयान
सिकंदराबाद । तीन जून को आयोजित पालिका की बोर्ड की मान्यता को लेकर सभासदों में हुए विवाद मामले में बृहस्पतिवार को एसडीएम ने दो सभासदों के बयान दर्ज किए।
बता दें कि तीन जून को बुलाई गई पालिका की बोर्ड बैठक में सभासद दो गुटों में बंट गए थे। एक गुट ने नगर के विकास के लिए लाए सभी प्रस्तावों को पास करते हुए बोर्ड बैठक से वॉक आउट कर दिया था। चेयरपर्सन ने बैठक में मौजूद 24 सभासदों में 13 सभासदों द्वारा प्रस्तावों का समर्थन करने की बात कहते हुए बोर्ड बैठक में लाए गए सभी प्रस्तावों को पास होने का दावा किया था। जबकि दूसरे गुट ने कार्रवाई को विधिवत नहीं बताते हुए दोबारा बोर्ड बैठक बुलाने की मांग को लेकर पालिका परिसर में धरना दिया था। एसडीएम के आश्वासन पर सभासदों ने धरना समाप्त कर दिया था। बोर्ड बैठक की कार्रवाई को अमान्य बताते हुए सभासदों के एक गुट ने मेरठ कमिश्नर के यहां आपत्ति दर्ज कराई थी। सभासदों ने बैठक की कार्रवाई को सीसीटीवी से भी हटाए जाने का आरोप लगाया था। बृहस्पतिवार को इस मामले में एसडीएम रविशंकर सिंह ने सभासद उषा शर्मा, और निसार अहमद के बयान दर्ज किए। एसडीएम ने बताया कि दो सभासदों के बयान दर्ज किए गए। बाकी सभासदों, चेयरपर्सन, ईओ के भी बयान दर्ज कर रिपोर्ट कमिश्नर को भेजी जाएगी।