पीएमओ के संज्ञान लेने पर विभाग में मचा हड़कंप
बुलंदशहर। सदर तहसील क्षेत्र के गांव नीमखेड़ा में खेल के मैदान पर बिजलीघर बनाए जाने पर अफसरों पर जल्द गाज गिरने की संभावना नजर आने लगी हैं। एक समाजसेवी की शिकायत पर पीएमओ द्वारा संज्ञान में लेने पर पावर कारपोरेशन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। संभावना जताई जा रही है कि मामले में लापरवाही बरतने पर संबंधित अफसरों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि सदर तहसील क्षेत्र के गांव नीमखेड़ा में गाटा संख्या 661 रकबा 02390 खेल के मैदान के नाम पर दर्ज है। जिस पर अब पावर कारपोरेशन द्वारा उपकेंद्र बना दिया गया है। जबकि, उपकेंद्र बनने से पूर्व गांव के युवा व हर आयु वर्ग के लोग सुबह-शाम खेला करते थे। समाजसेवी रविंद्र का आरोप है कि पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के अफसरों व ठेकेदार द्वारा राजस्व व ग्राम प्रधान की बिना अनुमति के खेल के मैदान पर 33/11 केवी के नये उपकेंद्र का निर्माण करा दिया गया था। जनमानस के जीवन पर खतरे की संभावना के चलते उपकेंद्र को किसी अन्य जगह स्थापित करने और निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले दोषी अफसरों व कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए पावर कारपोरेशन के अफसरों के साथ प्रशासन, शासन और केंद्र सरकार से कार्रवाई की मांग की है। पावर कारपोरेशन के चीफ इंजीनियर आरपीएस तोमर ने बताया कि मामले की कई बार जांच कराई जा चुकी है। निर्माण कार्य में कोई लापरवाही नहीं बरती गई, नियमानुसार कार्य करवाया गया है।