बुलंदशहर/स्याना/खुर्जा/सिकंदराबाद/ जहांगीराबाद/डिबाई/शिकारपुर। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षाकर्मियों को कैशलेस हेल्थ कार्ड का वितरण किया गया। साथ ही, डीबीटी योजना के तहत 1.55 लाख छात्रों के अभिभावकों के खातों में 1200-1200 रुपये ट्रांसफर किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान, सांसद डॉ. भोला सिंह और सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह रहे। इस दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समारोह का लाइव प्रसारण देखा गया। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आया है। यह प्रदेश के शिक्षकों और नौनिहालों के लिए स्वर्णिम दिन है।
सांसद ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में नित नए आयाम स्थापित कर रही है। परिषदीय स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले बच्चों को निशुल्क शिक्षा के साथ अन्य सरकारी योजनाओं से लाभ दिया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि शिक्षकों व कर्मचारियों को अब कैशलेस चिकित्सा का लाभ मिलेगा। साथ ही बच्चों को राशि मिलने पर अब वह अपनी यूनिफार्म, जूता व बैग समेत अन्य पाठ्य सामग्री खरीद सकेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत जनपद के शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और उनके परिवारों को कैशलेस इलाज की सुविधा दी गई है।
इसके तहत जनपद के 14,632 शिक्षा कर्मियों को कैशलेस हेल्थ कार्ड जारी किए गए हैं। इनका प्रतीकात्मक वितरण कार्यक्रम में किया गया। बीएसए ने बताया कि विभाग ने एसबीआई बैंक के साथ भी एक एमओयू साइन किया है। इसके तहत बैंक की ओर से शिक्षा कर्मचारियों को बीमा कवर समेत कई बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बताया कि सभी ब्लॉकों में हेल्थ कार्ड का वितरण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी निशा ग्रेवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील दोहरे और जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।